
बरेली । मढ़ीनाथ वार्ड नंबर 13 स्थित लक्ष्मी नगर की “गैस चूल्हे वाली गली” इन दिनों लोगों के लिए किसी डरावने रास्ते से कम नहीं रह गई है।
सड़क नीचे होने की वजह से पूरी गली में लगातार जलभराव बना हुआ है और हालात इतने खराब हैं कि लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नवंबर 2025 में नगर आयुक्त को लिखित शिकायत देकर समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन 6 महीने बीत जाने के बावजूद नगर निगम की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
गली में भरे गंदे पानी से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं और पैदल राहगीरों को हो रही है।
रोजाना लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे हादसों और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय निवासी
“कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बारिश हो या धूप, गली में हमेशा पानी भरा रहता है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है।”
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि नगर निगम की लापरवाही अब लोगों की परेशानी को और बढ़ा रही है।
लगातार अनदेखी से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और चेतावनी दी जा रही है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।