
बरेली । नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना सुभाषनगर पुलिस और यूपी STF लखनऊ की संयुक्त टीम ने 1 किलो 428 ग्राम अवैध अफीम के साथ तीन आरोपियों को दबोचा। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर अंधी पुलिया के पास खंडहर पंप नंबर-08 के समीप पीपल के पेड़ के नीचे छापेमारी की गई। इस दौरान लालाराम वर्मा, तौफीक खान और राकेश को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में तीनों के कब्जे से अलग-अलग मात्रा में कुल 1 किलो 428 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से 950 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में अफीम की सप्लाई करते थे और इस खेप को पंजाब के लुधियाना ले जाने की तैयारी में थे।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।