
बरेली। बिथरी चैनपुर इलाके में एक महिला के दूसरे युवक से अवैध संबंध हो गए। इसके बाद वह पति को नपुंसक बताने लगी। 24 अप्रैल को पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पत्नी व उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया। बिथरी थाने में पत्नी और उसके प्रेमी पर आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मृतक के चाचा विजेंद्र कुमार ने बिथरी इंस्पेक्टर राजेश मिश्रा को बताया कि उनका भतीजा सुमित सोनकर शाहजहांपुर का निवासी था। वह बरेली की रामगंगानगर कॉलोनी में किराये पर रहकर मजदूरी करता था। सुमित की पत्नी काजल के अवैध संबंध पड़ोस में रहने वाले निहाल सैनी से हो गए। इसकी जानकारी होने पर सुमित ने नाराजगी जाहिर की। इस पर काजल और उसके प्रेमी निहाल ने सुमित को अक्षम कहकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
विजेंद्र के मुताबिक, दोनों सुमित से कहते थे कि फंदा लगाकर या ट्रेन से कटकर मर जा ताकि हम लोग साथ रह सकें। 16 अप्रैल को सुमित बिना बताए कहीं चला गया था। अगले दिन सुमित घर लौट आया था। 24 अप्रैल को काजल ने सुमित की बहन को कॉल कर बताया कि सुमित ने फंदा लगा लिया है। परिजन मौके पर पहुंचे तो सुमित का शव चारपाई पर पड़ा था।