
विजय बहादुर कार्यवाहक रूप में रहेंगे जिलाअध्यक्ष
बरेली। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के रोहिलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष रामवीर सिंह का रविवार को बरेली आगमन पर जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें संगठन को मजबूत बनाने और किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष रामवीर सिंह ने कहा कि पिछले कुछ समय से जिला अध्यक्षों के बीच आपसी मतभेद के कारण संगठन में शिथिलता आ गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार विजय बहादुर सक्सेना को कार्यवाहक जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके बावजूद पूर्व जिला अध्यक्ष वाजिद हुसैन द्वारा भ्रम की स्थिति बनाई जा रही थी, जिसे समाप्त करने के लिए उनका बरेली आना जरूरी हुआ।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे एकजुट होकर कार्यवाहक जिला अध्यक्ष विजय बहादुर सक्सेना का सहयोग करें और पार्टी को जनपद में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं, ताकि केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के हाथ मजबूत हो सकें।
इस मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष एडवोकेट मोहम्मद मतलूब ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि वह और उनका परिवार हमेशा पार्टी के प्रति वफादार रहा है और वर्तमान जिला अध्यक्ष को उनका पूरा समर्थन रहेगा।
कार्यवाहक जिला अध्यक्ष विजय बहादुर सक्सेना ने अपने संबोधन में कहा कि वह तन-मन-धन से पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे और सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान बनाए रखेंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सचिव सर्वेश पाठक और सैनिक प्रकोष्ठ के कुलदीप पवार ने क्षेत्रीय अध्यक्ष रामवीर सिंह का स्वागत किया।
इस अवसर पर एडवोकेट मोहम्मद मतलूब, राजवीर उपाध्याय, गीता सिन्हा, राजवीर चौधरी, शाहवान खान, कमलजीत सिंह, सचिन चौधरी, योगेंद्र, शहादत हुसैन, डॉ. अय्यूब, ओमपाल कश्यप, चंदा बाबू, अबरार, रोहित चौधरी, वीरेंद्र गंगवार, सभासद अख्तर, मुस्तफा, तौफीक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।