
बरेली। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने चकबंदी विभाग के एक कानूनगो को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी कमल सुधीर शुक्ला, जो तहसील फरीदपुर में चकबंदी कानूनगो के पद पर तैनात था, 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दबोचा गया। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण संगठन की बरेली टीम ने ट्रैप ऑपरेशन के तहत की।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि जमीन की नाप-जोख के एवज में आरोपी द्वारा 10 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को फतेहगंज पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग के पास रिश्वत लेते समय पकड़ लिया।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आम जनता से अपील की है कि अगर कोई भी व्यक्ति रिश्वत की मांग करता है तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दें, ताकि ऐसे भ्रष्ट लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।