
फायरिंग में सिपाही घायल, जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाशों के पैर में लगी गोली
बरेली। एसएसपी अनुराग आर्य के एक्शन लेने के तुरंत बाद ही थाना इज्जतनगर क्षेत्र में गौकशी के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ग्राम फरीदापुर चौधरी में नाले से गौवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों ने 23 मार्च की रात कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, सिद्धार्थ नगर केंद्रीय विद्यालय के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में कांस्टेबल राहुल कुमार घायल हो गए।

आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीनों आरोपी—असलम, जीशान और नासिर—पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 3 अवैध तमंचे, कारतूस, गौकशी के उपकरण, एक स्प्लेंडर बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी असलम पर पहले से ही गौवध और आर्म्स एक्ट के 5 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।