“नारी शक्ति समाज की शक्ति” — मिशन शक्ति के तहत बरेली में निकली जागरूकता बाइक रैली

महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का दिया गया संदेश, बरेली जॉन एडीजी रमित शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दिखाई सक्रिय भागीदारी

बरेली। मिशन शक्ति अभियान (द्वितीय चरण) के अंतर्गत बरेली में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक भव्य जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया।
रैली को रिजर्व पुलिस लाइन बरेली से अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार साहनी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी, जिससे समाज के हर वर्ग तक महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का मजबूत संदेश पहुंचाया गया। रैली में महिला पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस दौरान एसपी सिटी मानुष पारीक, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान, सहायक पुलिस अधीक्षक अंजना दहिया सहित अन्य अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही।


एडीजी रमित शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का एक सशक्त आंदोलन है, जिसका उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित, सम्मानित और आत्मनिर्भर बनाना है।
पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। आमजन से अपील की गई कि किसी भी आपात स्थिति में वूमेन पावर लाइन 1090, इमरजेंसी सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 181, एंबुलेंस 102/108 और फायर सेवा 101 का तुरंत उपयोग करें।
जनपद के सभी थानों में मिशन शक्ति डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां महिला पुलिसकर्मियों द्वारा पीड़िताओं को सम्मानजनक व्यवहार के साथ त्वरित सहायता प्रदान की जा रही है। साथ ही महिला बीट अधिकारी, एंटी रोमियो टीम और विशेष दलों द्वारा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।


इसके अतिरिक्त, साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव को लेकर भी लोगों को समय समय पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
आने वाले दिनों में मिशन शक्ति के तहत नुक्कड़ नाटक, संवाद गोष्ठियां और विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को और अधिक मजबूत किया जा सके।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks