
कोर्ट कार्यवाही, राजस्व अभिलेखागार और आपूर्ति कार्यालय की जांच, कृषक बीमा लाभार्थी से फोन पर ली जानकारी
बरेली। 19 मार्च को मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी ने जनपद बरेली की तहसील सदर और फरीदपुर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
तहसील सदर में निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने उप जिलाधिकारी कोर्ट में धारा-80 और धारा-24 के मामलों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि मामलों का निस्तारण नियमानुसार किया जा रहा है और देरी होने पर सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग प्रभावित होती है।
राजस्व अभिलेखागार में रिकॉर्ड का रखरखाव संतोषजनक पाया गया। आधुनिक रैक और सीसीटीवी निगरानी के माध्यम से 12 साल पुराने अभिलेख सुरक्षित रखे जा रहे हैं। मण्डलायुक्त ने खसरा-खतौनी, पट्टा आवंटन सहित विभिन्न पत्रावलियों का निरीक्षण कर सभी रिकॉर्ड को स्कैन कर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।

आपूर्ति कार्यालय में राशन कार्ड से जुड़े आवेदनों की समीक्षा करते हुए कार्य में लगने वाले समय की जानकारी ली गई, जिस पर एक सप्ताह में प्रक्रिया शुरू होने की बात कही गई।
इसके बाद तहसील फरीदपुर में भी निरीक्षण किया गया, जहां धारा-116, 24 व 80 के लंबित मामलों की समीक्षा की गई। मण्डलायुक्त ने भूलेख अभिलेखागार, रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय में रिकॉर्ड सत्यापन और रखरखाव की स्थिति जानी।
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत लाभार्थियों को भुगतान की स्थिति की जानकारी ली गई और एक लाभार्थी से फोन पर वार्ता कर फीडबैक भी लिया गया।
निरीक्षण के दौरान तहसील सभागार में चल रहे रंगाई-पुताई कार्य का भी जायजा लिया गया।
इस मौके पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एसडीएम सदर प्रमोद कुमार, एसडीएम फरीदपुर मल्लिका नैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।