
बरेली :: थाना सुभाषनगर क्षेत्र के करेली पक्का मोहल्ला में सोमवार रात दबंगों ने एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। आरोप है कि युवक ने गाली-गलौज का विरोध किया था, जिस पर दबंग भड़क गए और उसे बेरहमी से पीट डाला। गंभीर हालत में घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार करेली पक्का मोहल्ला निवासी संजीव शनिवार को जन्माष्टमी जुलूस में मौजूद था। इस दौरान उसने जुलूस का वीडियो बनाया था। कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताई, जिससे विवाद खड़ा हो गया। इसी रंजिश
को लेकर सोमवार रात आरोपियों ने संजीव को रास्ते में रोक लिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शाहरुख, आरिफ, मोईन और उनके साथियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में संजीव गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग शोर मचाते हुए दौड़े तो हमलावर मौके से भाग निकले।
सूचना मिलते ही सुभाषनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल संजीव को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर शाहरुख, आरिफ, मोईन सहित अन्य के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।