
एटा,अलीगंज, । छात्रा की हत्या के मामले में एसआईटी भी सबूत तलाशने में विफल रही है। हवा में तीर मारते हुए पुलिस केवल दबिश देकर खानापूर्ति में जुटी है। घटना के कई दिन बीत गए है। उसके बाद भी पुलिस कुछ नहीं कर पाई है। घरवालों को जल्द खुलासे का आश्वासन देने वाली पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है।
कोतवाली अलीगंज के एक गांव निवासी छात्रा के साथ 21 अगस्त को घटना हुई थी। छात्रा स्कूल पढ़ने गई थी। उसके बाद से वह घर नहीं लौटी थी। देर शाम एक खेत में छात्रा का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या करने की बात सामने आई थी। अगले दिन भी ग्रामीणों ने कई घंटों जाम लगाया था। डीएम व एसएसपी ने जल्द खुलासे का आश्वासन दिया था। घटना के 13 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस कोई खुलासा नहीं कर पाई है। बेटी का फोटो देखकर घरवालों के आंसू छलक आते है। परिवार को न्याय की आस है। बता दें कि खुलासे को लेकर छह टीमें लगी हुई है। साथ ही एसआईटी भी गठित की गई। पुलिस अधिकारी भी लगातार जानकारी ले रही है। अलीगंज पुलिस खुलासे को लेकर पूरी मेहनत कर रही है। पुलिस के हाथ कोई सबूत हाथ नहीं लग पा रहा है।