एडीजी आगरा जोन ने जनपद मुख्यालय पहुंचकर लिया जायजा
लाॅकडाउन का सख्ती के साथ पालन कराएं, कोरोना से बचाव जरूरी
एटा। एडीजी आगरा जोन अजय आनंद ने जनपद मुख्यालय पहुंचकर साप्ताहिक लाॅकडाउन का जायजा लिया। उन्होंने इस दौरान सर्वप्रथम शहर में भ्रमण कर प्रदेश सरकार द्वारा जारी की गई साप्ताहिक लाॅकडाउन को लेकर गाइडलाइन के प्रतिबंधों का जायजा लिया। एडीजी ने शहर के माया पैलेस चैराहे पहुंचकर डीएम सुखलाल भारती, एसएसपी सुनील कुमार सिंह आदि के साथ ड्रोन कैमरे से की जा रही निगरानी को चैक किया।
एडीजी ने डीएम, एसएसपी, एएसपी क्राइम, एएसपी, क्षेत्राधिकारी आदि पुलिस अधिकारियों के साथ लाॅकडाउन के साथ-साथ गंभीर अपराधों की गहनता से जानकारी करते हुए समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान महिला उत्पीड़न, एससी/एसटी अपराध आदि की समीक्षा करते हुए जिलेभर में कानून का राज कायम रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में सम्पूर्ण जनपद में लाॅकडाउन का पालन कराया जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को कोविड-19 से बचाव रखकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर डीएम सुखलाल भारती, एसएसपी सुनील कुमार सिंह, एएसपी ओपी सिंह, एससीओ सिटी राजकुमार सिंह,सीओ सदर, थाना प्रभारीकोतवाली नगर अशोक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

