आज रात 10 बजे से लग जाएगा लॉकडाउन
जरूरी काम निपटा लें
सोमवार सुबह पांच बजे से हालात होंगे सामान्य
कोरोना वायरस की चेन को तोड़ने के लिए हर सप्ताह शनिवार और रविवार को लगने वाला लॉकडाउन आज रात 10 बजे से प्रभावी हो जाएगा। सभी जरूरी काम और खरीदारी आज दिन में ही निपटा लें। शनिवार और रविवार पूरी तरह से बंद रहने के बाद सोमवार सुबह पांच बजे से हालात सामान्य होंगे। इन दो दिनों में सिर्फ सुबह छह से 11 बजे के बीच दूध, फल और सब्जी सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की बिक्री होगी। साथ ही शाम चार से छह बजे के बीच दूध की दुकानों को भी खोलने की अनुमति दी गई है। जिलाधिकारी सुखलाल भारती ने जनता से अपील की है कि वह लॉकडाउन का पालन करें। बेवजह सड़कों पर न घूमें। घूमने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी। लोकल ट्रांसपोर्ट बंद रहेगा। मालवाहक वाहनों और हाईवे के ढाबों को खोला जा सकेगा। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। एक शहर से दूसरे शहर रोडवेज बस या ट्रेन से जाने के लिए किसी प्रकार के पास की जरूरत नहीं है। यात्रा का टिकट ही पास के तौर पर मान्य है। साथ ही शाम चार से छह बजे के बीच दूध की दुकानों को भी खोलने की अनुमति दी गई है। मेडिकल स्टोर्स और अस्पताल पहले की तरह ही खुले रहेंगे। आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को भी आवागमन की छूट ड्यूटी के समय होगी।
