जैथरा के 75 गांव होंगे कचरा मुक्त, बनेंगे छह आरआरसी सेंटर, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा के विकासखंड जैथरा में भी स्वच्छता के लिए जल्द ही राह मिलेगी। गांव में दिखने वाली गंदगी अब दिखाई नहीं देगी। शहरी क्षेत्र की तर्ज पर अब गांव में भी घर.घर कूड़ा उठाया जाएगा। कूड़े से निकलने वाले ठोस एवं तरल अपशिष्ट का निस्तारण कराया जाएगा। पहले चरण में ब्लॉक क्षेत्र की 6 पंचायतों में आरआरसी सेंटर बनाए जाने का काम शुरू हो गया है। उससे ब्लॉक क्षेत्र के 75 गांव को गंदगी से निजात मिलेगी।
ब्लॉक में कूड़ा प्रबंधन योजना के पहले चरण में अधिक जनसंख्या वाली छह ग्राम पंचायतें परौली सुहागपुर, सहोरी, तरगवा, मजरा जात जैथरा, खिरिया नगर शाह, धुमरी चयनित की गई हैं। जिसको भूमि उपलब्धता के बाद स्वच्छता संसाधन केंद्रों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक पूर्ण होने की उम्मीद है। रिसोर्स रिकवरी सेंटरो के बनने के बाद गांव देहातों में होने वाली गंदगी से पनपने वाली बीमारियों से काफी हद तक राहत मिल जाएगी। आरआरसी सेन्टरों के निर्माण के साथ 600 से 700 मीटर तक नाली का निर्माण, सोक पिट, प्लास्टिक बैक कूड़ा पात्र का निर्माण, 30 से 50 मीटर की दूरी पर सिल्ट केचर, फिल्टर चेंबर का निर्माण होगा।