
1500 रुपये के विवाद में किसान की पीटकर हत्या – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – जवां क्षेत्र के गांव नगला बिहारी 1500 रुपये के विवाद में किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश भी थी। दोनों पक्ष के लोग साथ खड़े थे। तभी रुपये मांगने पर विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडे चल गए। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। तीन लोग हिरासत में हैं। अमरोली पुलिस चौकी के गांव नगला बिहारी निवासी 45 वर्षीय सूबेदार सिंह किसान थे। पुलिस के मुताबिक, सूबेदार व गांव के ही संजीव के बीच ढाई साल से रंजिश चली आ रही थी। दोनों एक ही समाज से हैं। बताया जा रहा है कि सूबेदार पक्ष की एक युवती ने संजीव से ढाई साल पहले शादी कर ली थी। तभी से दोनों परिवारों में खटास थी। संजीव खुर्जा में रहता है। त्योहार पर गांव आया है। आरोप है कि करवाचौथ से पहले संजीव पक्ष ने सूबेदार से 1500 रुपये उधार लिए थे। सूबेदार ने रुपये मांगे तो कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में सूबेदार की मौत हो गई। सीओ सिविल लाइन श्वेताभ पांडेय व इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने पहुंचकर विवाद को शांत कराया। सीओ ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। संजीव, कुलदीप समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। तीन लोग हिरासत में हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। सीओ के मुताबिक, दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही है। रुपयों का विवाद भी है, फिर भी जांच की जा रही है। मुकदमा भी लिखा जाएगा। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपित फरार बताए जा रहे हैं। उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा।