
बरेली। आगामी 26 नवंबर को संविधान दिवस पर लखनऊ में होने वाली ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ को ऐतिहासिक बनाने के लिए भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार को शहर में प्रेसवार्ता और भव्य पैदल मार्च निकालने के बाद कार्यकर्ताओं का काफिला लखनऊ के लिए रवाना हो गया।
प्रेसवार्ता में भीम आर्मी के प्रदेश महासचिव विकास बाबू एडवोकेट ने कहा कि यह लड़ाई केवल सत्ता नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन की है। उन्होंने जाति जनगणना, आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन, रोजगार और वंचित वर्गों की भागीदारी की मांग उठाते हुए कहा कि बहुजन समाज अब वोट बैंक नहीं, बल्कि निर्णायक भूमिका निभाएगा।
इसके बाद दामोदर पार्क से सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने चौकी चौराहा, अयूब खां चौराहा, बरेली कॉलेज और श्यामगंज होते हुए सेटेलाइट बस अड्डे तक पैदल मार्च निकाला। रास्ते भर समर्थकों ने फूल बरसाकर कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।
प्रमुख उपस्थिति: कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सुशील कुमार गौतम, जिला अध्यक्ष दुर्वेश अली अंसारी, मंडल महासचिव आकाश सागर, महानगर अध्यक्ष शिवम भारती, मीडिया प्रभारी सुरजीत गौतम, जावेद अख्तर, कमलेश पटेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।