
बरेली। थाना इज्जतनगर पुलिस ने रात्रि चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में 20 मुकदमों में वांछित शातिर चोर संजय गिरी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार रात करीब 9:55 बजे कलापुर पुलिया नहर के पास चेकिंग के दौरान मलपुर की ओर से आ रहे बाइक सवार ने रुकने के इशारे पर भागने की कोशिश की और फिसलकर गिर गया। पुलिस द्वारा घेराबंदी करने पर बदमाश ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसमें आरक्षी निशू तिवारी घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से बदमाश भी घायल हो गया।
मूल रूप से ग्राम चंद्रपुर जोगियान (सीबीगंज) निवासी संजय वर्तमान में भिवाड़ी (राजस्थान) में रह रहा था। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बरामदगी और खुलासा:
पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, 03 खोखा कारतूस, बिना नंबर की बाइक, 30,220 रुपये नकद, 08 सफेद धातु के सिक्के और 02 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह माल 13 अक्टूबर को उत्सव महानगर पार्ट-2 निवासी श्याम बिहारी लाल के घर हुई चोरी से संबंधित है।
बरेली के विभिन्न थानों में वर्ष 2009 से अब तक आरोपी पर चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस के कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मुठभेड़ का नया मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।