महंगे शौक ने पहुंचाया हवालात : सुभाष नगर पुलिस ने आधा किलो अफीम सहित तस्कर को दबोचा

बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत सुभाषनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को 545 ग्राम नाजायज अफीम के साथ धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
​शौक पूरे करने के लिए बना तस्कर, रामगंगा की तरफ जा रहा था खपाने
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए 24 वर्षीय अभियुक्त अभिषेक गंगवार निवासी ग्राम खड़खड़ी, थाना तिलहर, जनपद शाहजहांपुर ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए अफीम तस्करी के धंधे में उतरा था। उसने बताया कि वह बरामद अफीम को बेचने के मकसद से रामगंगा की तरफ जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पकड़े जाने के बाद तस्कर पुलिस के सामने गिड़गिड़ाते हुए माफी मांगने लगा।
​घेराबंदी कर ग्राम रौंधी मार्ग से दबोचा
क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के कुशल पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी सुभाषनगर सतीश कुमार नैन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 6 नवंबर को मुखबिर की पुख्ता सूचना पर ग्राम रौंधी जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। संदिग्ध हालात में आ रहे युवक को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 545 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई।
​मुकदमा दर्ज, भेजा गया जेल
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना सुभाषनगर में मु०अ०सं० 780/2026 धारा 8/18 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार नैन, उपनिरीक्षक जय सिंह निगम, उपनिरीक्षक नितिन शिरीष, कांस्टेबल अंकित नागर तथा कांस्टेबल मोहन कुमार शामिल रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks