पति गिरधारी लाल साहू पर एफआईआर दर्ज ; शादी में सच छिपाने, हत्या की साजिश रचने का आरोप

​
बरेली। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के थाना कैंट में एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला दर्ज हुआ है। यमुना कॉलोनी (चकराता रोड) निवासी रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी श्रीबाबा बनखंडी नाथ मंदिर, जोगी नवादा, बरेली के विरुद्ध धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज और हत्या की साजिश रचने के संगीन आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
​अविवाहित बताकर रचाई थी शादी, बाद में खुला राज
​दर्ज तहरीर के अनुसार, दोनों का विवाह 6 जुलाई 2004 को हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। आरोप है कि विवाह के समय गिरधारी लाल साहू ने खुद को अविवाहित बताया था। शादी के कुछ वर्षों बाद पीड़िता को सच्चाई पता चली कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। हालांकि, बच्चों के भविष्य और पारिवारिक मर्यादा को देखते हुए पीड़िता उस समय खामोश रही।
​अवैध संबंधों के विरोध पर मारपीट और जातिसूचक अपमान
​तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कुछ समय बाद आरोपी पति के अन्य महिलाओं से अवैध संबंध उजागर हुए। विरोध करने पर आरोपी ने शुरू में लिखित और मौखिक माफीनामा दिया, लेकिन उसकी गतिविधियां बदस्तूर जारी रहीं। जब पीड़िता ने इसका कड़ा विरोध किया तो आरोपी ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां देनी शुरू कर दीं। सरकारी आवास में मौजूद कर्मचारियों के सामने भी अपमानजनक जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप है।
​फर्जी हस्ताक्षर से कंपनी के निदेशक पद से हटाया
​पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उनके कूट रचित (फर्जी) हस्ताक्षर तैयार कर जाली दस्तावेजों के सहारे संबंधित कंपनियों में उन्हें निदेशक पद से पदमुक्त (त्यागपत्र) दर्शा दिया, जबकि उन्होंने कभी कोई इस्तीफा या दस्तावेज निष्पादित नहीं किया था।
​ऑडियो क्लिप में हत्या की साजिश का दावा
​तहरीर में सबसे गंभीर आरोप एक ऑडियो क्लिप को लेकर लगाया गया है। पीड़िता के मुताबिक, हाल ही में उन्हें एक ऑडियो प्राप्त हुआ है जिसमें गिरधारी लाल साहू किसी महिला से बातचीत करते हुए उन्हें रास्ते से हटाने (जान से मारने) का षड्यंत्र रच रहा है। पीड़िता ने अपनी और अपने नाबालिग बच्चों की जान को गंभीर खतरा बताते हुए त्वरित कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।
​पुलिस कार्रवाई:
कोतवाली कैंट पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks