
बरेली। श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल के तत्वावधान में आयोजित रासलीला एवं भक्त लीला के तीसरे दिन वृंदावन से पधारे स्वामी देवकीनंदन महाराज की मंडली द्वारा शिव-पार्वती विवाह का मनोहारी और अलौकिक मंचन किया गया।
महाराज जी ने कथा का वाचन करते हुए भगवान शंकर और माता सती के प्रसंग पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कुंभज ऋषि के आश्रम से लौटते समय भगवान राम को सीता जी के वियोग में व्याकुल देख महादेव ने उन्हें नमन किया। माता सती के संशय करने और सीता रूप रखकर परीक्षा लेने पर प्रभु राम ने उन्हें पहचान लिया। महादेव ने ध्यान में यह सब जान लिया और उसी क्षण से सती का पत्नी रूप में त्याग कर उन्हें माता समान मान लिया।
आगे की कथा में राजा दक्ष के कनखल यज्ञ, सती के आत्मदाह और महादेव के क्रोध से प्रकट हुए वीरभद्र द्वारा यज्ञ विध्वंस व दक्ष के सिर छेदन का मार्मिक मंचन हुआ। देवताओं की प्रार्थना पर भोलेनाथ ने शांत होकर दक्ष को बकरे/पशु का सिर प्रदान कर जीवनदान दिया। इसके पश्चात तारकासुर वध के निमित्त कामदेव द्वारा महादेव की समाधि भंग करने और पर्वतराज हिमालय के घर माता पार्वती के तप से प्रसन्न होकर विवाह के लिए तैयार होने की संपूर्ण लीला प्रस्तुत की गई।
भूत-पिशाचों की अद्भुत बारात और जयकारों का उद्घोष
लीला का सबसे रोमांचक दृश्य तब रहा जब महादेव की बारात राजा हिमालय के द्वार पहुंची।

बारात में नंदी, गण, गंधर्व, किन्नर और भूत-पिशाच व निशाचर नाचते-गाते शामिल हुए। बारात का यह रूप देखकर एक बार को माता मैना और पिता हिमालय भयभीत हो गए, किंतु बाद में महादेव के दिव्य स्वरूप को जानकर विधि-विधान से माता पार्वती को विदा किया।
मीडिया प्रभारी कैलाश चन्द्र शर्मा ने बताया कि शिवजी की बारात बैंड-बाजे, ढोल, नगाड़े, डमरू और झांझ-मजीरों के साथ धूमधाम से निकाली गई। इस दौरान पूरा प्रांगण ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। भक्तों के बीच गुब्बारे, टॉफियां, खिलौने और प्रसाद का वितरण किया गया।
यजमान एवं व्यवस्थापक परिवार
कार्यक्रम में यजमान परिवार से सौरभ मेहरोत्रा (रमाडा होटल), अनिल अग्रवाल (मंत्री आनंद आश्रम), राजीव अग्रवाल (गोटे वाले), अनिल अग्रवाल (फन सिटी) और राजीव बूबना उपस्थित रहे।
व्यवस्था संचालन में कमेटी के जुगल किशोर साबू, मोहन गुप्ता, विकास शर्मा, कैलाश शर्मा, प्रेम शंकर अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, नवीन गोयल, संजय शर्मा, आशीष मालू, कृष्णा अग्रवाल, संजय अग्रवाल, मुकेश शर्मा, मनोज अग्रवाल, निरंकार ओबेरॉय, सत्य प्रकाश ओबेरॉय, शिव कुमार सिंह और विपिन सक्सेना सहित अनेक भक्तों का विशेष सहयोग रहा।
कल का आकर्षण
मंडल द्वारा शनिवार को शाम 6:00 बजे से 9:30 बजे तक ‘श्री खाटू श्याम चरित्र’ की पावन लीला का विशेष मंचन किया जाएगा।