
बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में अतिरिक्त दहेज के लालच में विवाहिता को प्रताड़ित कर घर से निकालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी में 15 लाख और कार देने के बाद भी नहीं भरा पेट
पीड़िता का विवाह 17 फरवरी 2024 को मढ़ीनाथ निवासी तुषार शर्मा से हुआ था। परिवार ने हैसियत से बढ़कर करीब ₹15 लाख खर्च किए, जिसमें कार, नकदी और गृहस्थी का सारा सामान शामिल था। आरोप है कि शादी के कुछ ही समय बाद पति तुषार, सास-ससुर, देवर और नाना-नानी अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने लगे।
अब पति के नाम मकान की जिद, दूसरी शादी की धमकी
विवाहिता के अनुसार मायके से समय-समय पर नकदी दी गई, लेकिन ससुराल वालों का लालच थमा नहीं। अब वे पति के नाम एक पूरा मकान खरीदने का दबाव बना रहे थे। मांग न मानने पर 14 मार्च 2026 को पीड़िता के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। अगले दिन जब मायके पक्ष के लोग सुलह कराने पहुंचे, तो ससुराल वालों ने साफ कह दिया कि जब तक मकान नहीं मिलेगा, बहू घर नहीं लौटेगी; साथ ही पति की दूसरी शादी कराने और तंत्र-मंत्र की धमकी देकर उसे बेदखल कर दिया।
पुलिस ने कसी कमर
पीड़िता की तहरीर पर सुभाषनगर पुलिस ने आठों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। विवेचना अधिकारी के अनुसार गवाहों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है।