
बरेली। नाथनगरी में आगामी 7 से 10 अक्टूबर तक अध्यात्म और सनातन संस्कृति का भव्य समागम होने जा रहा है। मनोहर भूषण (एम.बी.) इंटर कॉलेज मैदान में परम पूज्य सुधांशु जी महाराज के सानिध्य में चार दिवसीय दिव्य ज्ञान एवं आध्यात्मिक सनातन संस्कृति सत्संग का आयोजन किया जाएगा।
विश्व जागृति मिशन बरेली मंडल के प्रधान देवेंद्र खंडेलवाल ने बताया कि 7 अक्टूबर की शाम से शुरू होकर 10 अक्टूबर की शाम तक चलने वाले इस महोत्सव में श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार, मानव जीवन के शाश्वत मूल्यों और जीवन जीने की कला पर महाराज श्री के अमृत वचनों का रसपान करने का सुअवसर मिलेगा। इस महाआयोजन में बरेली के अलावा आसपास के जिलों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।
28 सितंबर से भक्तिमय प्रभात फेरियां
मिशन के महामंत्री पवन कुमार अरोड़ा ने बताया कि आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए 28 सितंबर से प्रतिदिन सुबह 7 बजे भव्य प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी। हरि नाम संकीर्तन और भजनों की गूंज के साथ निकलने वाली इन प्रभात फेरियों में शहरवासियों से सपरिवार शामिल होने की अपील की गई है।
यज्ञ में आहुति दे सकेंगे श्रद्धालु
वरिष्ठ उप प्रधान संजय गर्ग के अनुसार, सत्संग के साथ-साथ प्रांगण में विशेष यज्ञ का आयोजन होगा। दिल्ली आश्रम से पधार रहे विद्वान पुरोहितों के निर्देशन में संपन्न होने वाले इस यज्ञ में यजमानों के अलावा सभी गुरु भाई-बहन आहुति देकर पुण्य लाभ अर्जित कर सकेंगे।

तैयारियां तेज, कमेटियों को सौंपी जिम्मेदारी
कथा संयोजक संदीप मेहरा ने बताया कि आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन कर जिम्मेदारियां बांट दी गई हैं। हाल ही में आयोजित समीक्षा बैठक में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में ये रहे मौजूद
तैयारी बैठक में कोषाध्यक्ष नरेंद्र नाथ खुराना, सह-कोषाध्यक्ष महेंद्र गंगवार, राजकुमार चोपड़ा, मोहनलाल कालरा, राकेश अग्रवाल, नूतन मिश्रा, महेंद्र पाठक, संजीव अग्रवाल, वेद अग्रवाल, संजय पाठक, अभय भटनागर, वेद प्रकाश गंगवार, नीरज माथुर, सोमेश वार्ष्णेय, आर.बी. सिंह और शुभम सिंह सहित मिशन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।