डायल-112 में तेल की हेराफेरी पर SSP का ताबड़तोड़ एक्शन दो आरक्षी सस्पेंड

​बरेली। जनता की सुरक्षा और आपातकालीन मदद के लिए तैनात ‘डायल-112’ के पहियों में भ्रष्टाचार का तेल डालने वाले पुलिसकर्मियों पर बरेली पुलिस कप्तान अनुराग आर्य का चाबुक चला है। सरकारी गाड़ी के ईंधन में पेट्रोल पंप कर्मियों से मिलीभगत कर धांधली करने के गंभीर आरोप में एसएसपी ने त्वरित एक्शन लेते हुए दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, मामले में संलिप्त एक होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई के लिए होमगार्ड कमांडेंट को पत्र भेजा गया है।
​पंप कर्मियों से साठगांठ कर कर रहे थे खेल
मामला थाना शाही क्षेत्र का है। 19 सितंबर को मिली एक शिकायत के आधार पर डायल-112 की पीआरवी (वाहन संख्या 6854) पर तैनात पुलिसकर्मियों की करतूत उजागर हुई। आरोप है कि गाड़ी पर नियुक्त मुख्य आरक्षी (हेड कांस्टेबल) ब्रजेश कुमार और आरक्षी (कांस्टेबल) मोन्टी कुमार पेट्रोल पंप कर्मियों से मिलीभगत कर सरकारी तेल में हेराफेरी कर रहे थे। अपने कर्तव्यों को ताक पर रखकर सरकारी संसाधन का दुरुपयोग करने और महकमे की छवि को दागदार बनाने की शिकायत सीधे आला अधिकारियों तक पहुंच गई।
​एसएसपी की सख्त कार्रवाई, विभागीय जांच शुरू
मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के संज्ञान में आते ही हड़कंप मच गया। प्राथमिक स्तर पर आरोप सही पाए जाने पर एसएसपी ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए हेड कांस्टेबल ब्रजेश कुमार और कांस्टेबल मोन्टी कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। इसके साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी गई है।
​होमगार्ड की बर्खास्तगी की तैयारी
इस पूरे खेल में शामिल पीआरवी पर तैनात होमगार्ड मुकेश शर्मा भी बच नहीं सका है। चूंकि होमगार्ड विभाग अलग प्रशासनिक व्यवस्था के तहत आता है, इसलिए एसएसपी कार्यालय की ओर से जिला कमांडेंट होमगार्ड को पत्र लिखकर आरोपी जवान के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई करने की सिफारिश की गई है।
​अधिकारियों का साफ कहना है कि जनता की सेवा के लिए मिले संसाधनों में सेंधमारी करने वाले किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks