
बरेली। वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम के तहत टेंट, पंडाल आदि व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के लिए GEM पोर्टल पर बिड संख्या GEM/2026/B/7946850 दिनांक 21 अगस्त 2026 को प्रकाशित की गई है। इस निविदा में भाग लेने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 शाम छह बजे निर्धारित की गई है।
वहीं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनांतर्गत नवविवाहित युगलों को उपहार सामग्री उपलब्ध कराने के लिए GEM/2026/B/7946472 बिड दिनांक 25 अगस्त 2026 को प्रकाशित की गई है। इसमें भाग लेने की अंतिम तिथि 4 सितंबर 2026 दोपहर 12 बजे निर्धारित है।
विभाग ने इच्छुक आपूर्तिकर्ताओं एवं फर्मों से GEM पोर्टल के माध्यम से निर्धारित समयावधि में बिड में प्रतिभाग करने की अपील की है। निविदाओं से संबंधित अधिक जानकारी के लिए कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।