
बरेली। नकटीया नदी (नाय गंगा) के पुनर्जीवन को लेकर छावनी परिषद बरेली की ओर से चलाया जा रहा सफाई एवं वृक्षारोपण अभियान अब महाअभियान का रूप लेता जा रहा है। सोमवार को मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन के नेतृत्व में राजश्री ग्रुप के छात्रों एवं छावनी परिषद के कर्मचारियों ने उत्साह और जोश के साथ नदी की सफाई की।
अभियान के दौरान छात्रों ने करीब 250 मीटर नदी के किनारे की सफाई कर लगभग 20 टन कचरा हटाया। इसके साथ ही जनसमूह के सहयोग से विभिन्न प्रजातियों के करीब 1000 पौधों का रोपण भी किया गया। सफाई और पौधरोपण के जरिए नकटीया नदी को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

इस अवसर पर डॉ. तनु जैन ने नागरिकों, एनजीओ, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संस्थाओं, विद्यार्थियों एवं युवाओं से नदी के पुनर्जीवन के पुनीत कार्य में अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि नदी केवल जलधारा नहीं, बल्कि पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ी जीवनरेखा है।
छावनी परिषद की ओर से अभियान में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए लगातार जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
“नदी बचेगी, तो प्रकृति बचेगी; प्रकृति बचेगी, तो हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा।”