जलधारा किनारे, विकास के साथ प्रकृति का संगम , ग्रेटर बरेली में बनेगा बरेली का नया ‘कैनाल फ्रंट’

बरेली। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत विकसित हो रही ग्रेटर बरेली योजना में बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा भव्य कैनाल फ्रंट विकसित किया जाएगा। सेक्टर-1 हिमाद्रि एन्क्लेव और सेक्टर-2 शिवालिक एन्क्लेव के बीच से गुजरने वाली जलधारा के दोनों ओर विकसित होने वाला यह क्षेत्र बरेली की नई पहचान और प्रमुख सार्वजनिक आकर्षण बनने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
पीलीभीत रोड से शुरू होने वाली जलधारा के किनारों पर पैदल पथ, साइकिल ट्रैक, जॉगिंग ट्रैक, हरित क्षेत्र, पुष्प सज्जा, फव्वारे, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, बच्चों के खेल क्षेत्र, बैठने के स्थान और खान-पान केंद्र विकसित किए जाएंगे। इससे नागरिकों को सुबह की सैर, जॉगिंग, साइकिलिंग और परिवार के साथ समय बिताने के लिए सुंदर एवं खुला स्थान मिलेगा।
फूलों, फव्वारों और रोशनी से सजेगा कैनाल फ्रंट
कैनाल फ्रंट पर विभिन्न प्रजातियों के फूलों और आकर्षक पुष्प संरचनाओं से सजावट की जाएगी। फव्वारों और विशेष प्रकाश व्यवस्था से शाम के समय इसका स्वरूप और भी मनमोहक होगा। भविष्य में यहां वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी आयोजित करने की भी परिकल्पना है, जिसमें सामाजिक संस्थाओं और पुष्प प्रेमियों की जनभागीदारी हो सकती है।
कला, प्रकृति और खेल का होगा संगम
कैनाल फ्रंट पर फूलों, पक्षियों, पशु-पक्षियों तथा खेल एवं ज्ञान-विज्ञान से जुड़ी कलात्मक संरचनाएं विकसित की जाएंगी। क्रिकेट बैट, शटलकॉक और ग्लोब जैसी थीम आधारित संरचनाएं बच्चों एवं युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगी।
पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
कैनाल फ्रंट बरेली के आधुनिक, हरित और प्राकृतिक स्वरूप को नई पहचान देगा। पर्यटकों और शहरवासियों की आवाजाही बढ़ने से खान-पान, छोटे व्यवसायों और सेवा गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। हरियाली और खुले स्थानों के कारण यह नागरिकों को स्वस्थ एवं बेहतर जीवन-पर्यावरण उपलब्ध कराने में भी सहायक होगा।
बीडीए की उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय, आईएएस ने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच के अनुरूप ग्रेटर बरेली को आधुनिक, सुंदर और नागरिक-केंद्रित क्षेत्र बनाया जा रहा है। कैनाल फ्रंट इसी सोच का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां फूल, हरियाली, फव्वारे, रोशनी, खेल और मनोरंजन की सुविधाओं के साथ नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराया जाएगा।
ग्रेटर बरेली का कैनाल फ्रंट आने वाले समय में पर्यटन, पर्यावरण, स्वास्थ्य, सामाजिक सहभागिता और स्थानीय अर्थव्यवस्था को जोड़ने वाला बरेली का नया आकर्षण बनने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकता है।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks