
बरेली। सड़को पर जलभराव के चलते नाले में ई-रिक्शा गिर गया जिसमें पांच घायल हो गए।
बताते चलें कि बरेली में सुबह और रात हुई बारिश के बाद निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सुभाष नगर की तिलक कॉलोनी में एक ई-रिक्शा नाले में गिर गया। हादसे में चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। स्थानीय नागरिकों ने तत्काल पानी में उतरकर घायलों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल भेजा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
कांवड़ मार्ग पर भी जलभराव से परेशानी
बरेली-बदायूं कांवड़ मार्ग पर भी बारिश के बाद जलभराव की समस्या सामने आई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, थोड़ी बारिश में ही सड़क पर पानी भर जाता है और कांवड़ियों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बारिश के दौरान नाले का पानी सड़क पर फैलने से राहगीरों और कांवड़ियों को काफी परेशानी होती है।