
बरेली। पवित्र सावन माह में जारी कांवड़ यात्रा के बीच बदायूं रोड प्रवेश द्वार पर बरेली विकास प्राधिकरण की ओर से लगाए गए विशेष कांवड़ सेवा शिविर में रविवार को भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘बोल बम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा।
भंडारे में हजारों शिवभक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। जनप्रतिनिधियों ने स्वयं अपने हाथों से कांवड़ियों को प्रसाद वितरित कर सेवा की। श्रद्धालुओं को टी-शर्ट भी वितरित की गईं। शिविर में कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए पेयजल, भोजन, चिकित्सा, विश्राम, स्वच्छता और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

शिविर का प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्थानीय नागरिकों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
इस अवसर पर मंत्री वन एवं पर्यावरण डॉ. अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक कैंट संजीव अग्रवाल, विधायक बिथरी चैनपुर डॉ. राघवेंद्र शर्मा, मंडलायुक्त शंभू कुमार, जिलाधिकारी अविनाश सिंह तथा बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और कांवड़ यात्री मौजूद रहे।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कांवड़ यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, प्रशासन का सहयोग करें और आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ यात्रा को सफल बनाएं।
सेवा, श्रद्धा और आस्था के इस संगम ने बदायूं रोड को शिवमय कर दिया और कांवड़ियों के स्वागत की तस्वीरें पूरे दिन आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।