
बरेली। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को शिवभक्तों के स्वागत के लिए बरेली में भव्य एवं विशेष व्यवस्था की गई है। जनपद के सातों नाथ मंदिरों में जलाभिषेक करने पहुंचने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। नाथ मंदिरों से लेकर कछला घाट तक आसमान से फूल बरसाकर कांवड़ियों का स्वागत किया जाएगा।
सोमवार सुबह 7:30 बजे पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने के साथ पुष्पवर्षा कार्यक्रम शुरू होगा। इस दौरान कांवड़ मार्गों और प्रमुख शिव मंदिरों के ऊपर से हेलीकॉप्टर द्वारा पुष्पवर्षा की जाएगी।
इसके साथ ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कांवड़ यात्रा मार्गों और शिव मंदिरों का हवाई सर्वेक्षण भी किया जाएगा। सर्वेक्षण के दौरान मार्गों पर भीड़, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रावण के तीसरे सोमवार को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम जलाभिषेक के लिए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहेंगी। आस्था के इस महापर्व पर कांवड़ियों के स्वागत में बरेली में आसमान से फूलों की बारिश होगी।