
बरेली। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बरेली पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के दिशा-निर्देशन में शुक्रवार को एसपी सिटी मानुष पारीक ने पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन, होटल, बस स्टैंड समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की गहन जांच की। इस दौरान होटल संचालकों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की तत्काल सूचना पुलिस को देने की हिदायत दी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी।