
बरेली। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए ‘संगठन सृजन अभियान’ शुरू कर दिया है। अभियान के तहत विभिन्न जिलों में ऑब्जर्वर एवं कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में निवर्तमान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अजय शुक्ला को शाहजहांपुर संगठन सृजन अभियान का ऑब्जर्वर/कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस अध्यक्ष पारस शुक्ला को पीलीभीत जिला एवं महानगर कांग्रेस संगठन सृजन अभियान का समन्वयक बनाया गया है।
नियुक्तियों के बाद कांग्रेस संगठन में नई सक्रियता देखने को मिल रही है। अभियान का उद्देश्य विधानसभा, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत कर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और जनता से सीधा संवाद बढ़ाना है।
अजय शुक्ला ने नियुक्ति पर कांग्रेस के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि शाहजहांपुर में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा।

वहीं पारस शुक्ला ने पीलीभीत की जिम्मेदारी मिलने पर राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुराने एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं के साथ युवाओं को जोड़कर संगठन को मजबूत किया जाएगा। जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच सक्रिय रहेंगे।
दोनों नेताओं ने कहा कि ‘संगठन मजबूत, कार्यकर्ता मजबूत और हर बूथ तक कांग्रेस की विचारधारा’ के लक्ष्य के साथ संगठन सृजन अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा और विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा।