मंडलायुक्त शंभू कुमार व DIG अजय साहनी उतरे सड़क पर , कांवरियों पर फल प्रसाद वितरित कर बढ़ाया श्रद्धालुओं का उत्साह



बरेली। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के बीच मंडल में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी और मंडलायुक्त शंभू कुमार ने कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने कांवड़ियों को फल एवं प्रसाद वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
निरीक्षण के दौरान पार्किंग स्थलों, रूट डायवर्जन, कंट्रोल रूम, यातायात व्यवस्था, गंगा घाटों की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा के सभी इंतजाम हर समय दुरुस्त रहें।


डीआईजी अजय कुमार साहनी ने थाना भमोरा (बरेली) और थाना विनावर (बदायूं) में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र (MSK) का भी निरीक्षण किया। यहां महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता, परामर्श और हेल्पलाइन सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए और मिशन शक्ति केंद्र पूरी सक्रियता से संचालित हों।
मंडलायुक्त शंभू कुमार और डीआईजी ने निर्देश दिए कि गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। भीड़ नियंत्रण, पार्किंग प्रबंधन, आपातकालीन सहायता और यातायात संचालन पूरी तरह व्यवस्थित रहे, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित और सुगम बना रहे।
अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिए कि सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले और शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर बदायूं अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पाण्डेय सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks