108वें उर्स के लिए सुरक्षा का चक्रव्यूह , चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी

बरेली । 6, 7 और 8 अगस्त को आयोजित होने वाले 108वें उर्स-ए-आला हजरत को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने जीआईसी ऑडिटोरियम में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग कर सुरक्षा व्यवस्था की अंतिम तैयारियों की समीक्षा की।
डीएम ने बताया कि उर्स को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरे जनपद को 4 सुपर जोन, 8 जोन और 29 सेक्टर में बांटा गया है। सभी अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी सौहार्द कायम रखने तथा 108 एम्बुलेंस, चिकित्सा शिविर और विद्युत विभाग के कैंप प्रमुख स्थानों पर स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि इस बार उर्स श्रावण मास के दौरान आयोजित हो रहा है, इसलिए पुलिस की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 13 घंटे की ड्यूटी के दौरान शिफ्ट बदलने में किसी भी तरह का गैप नहीं होना चाहिए। सभी पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी क्षेत्र के आसपास मिश्रित आबादी और धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखें तथा स्काई वॉक पर किसी भी व्यक्ति को चढ़ने न दिया जाए।


बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने जोनवार ड्यूटी की जानकारी दी, जबकि पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान ने रूट डायवर्जन और पार्किंग प्लान साझा करते हुए बताया कि बसों का संचालन सैटेलाइट बस स्टैंड से होगा और उर्स का मुख्य आयोजन इस्लामिया ग्राउंड, आला हजरत दरगाह और मथुरापुर में आयोजित किया जाएगा।
एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा ने झुमका तिराहे तक नो-पार्किंग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, जबकि एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने कुतुबखाना क्षेत्र में ई-रिक्शा से लगने वाले जाम को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के आदेश दिए।
कुल मिलाकर, प्रशासन का साफ संदेश है—108वें उर्स-ए-आला हजरत के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था पर हर पल कड़ी नजर रहेगी, ताकि बरेली की गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे की मिसाल कायम रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks