
बरेली। अगर आप भी रोज़ाना कई घंटे स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। मोबाइल का अत्यधिक उपयोग अब सिर्फ आंखों और गर्दन तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि यह हाथों की पकड़ और कलाई की सेहत पर भी गंभीर असर डाल रहा है।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञों के अनुसार, बीते पांच वर्षों में हाथ और कलाई से जुड़ी समस्याओं के मामलों में करीब 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जनवरी से जुलाई के बीच 20 से 45 वर्ष की आयु के तीन हजार से अधिक मरीज हाथों की कमजोरी, दर्द, झनझनाहट और सुन्नपन जैसी शिकायतों के साथ अस्पताल पहुंचे।
विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक एक ही तरीके से मोबाइल पकड़कर स्क्रॉलिंग करना, लगातार टाइपिंग करना और बिना ब्रेक लिए फोन का इस्तेमाल करना कार्पल टनल सिंड्रोम, टेक्स्टर थम्ब और पिंकी फिंगर स्ट्रेन जैसी समस्याओं को जन्म दे रहा है। कई मरीजों में हाथों की पकड़ कमजोर होने तक की शिकायत सामने आई है।

डॉक्टरों की सलाह है कि हर 30 मिनट बाद 2 से 3 मिनट का ब्रेक जरूर लें। हाथ, कलाई और अंगुलियों की नियमित स्ट्रेचिंग करें, टाइपिंग के दौरान दोनों हाथों का उपयोग करें और दर्द या सुन्नपन को नजरअंदाज न करें। समय रहते जांच और उपचार से इन समस्याओं से बचा जा सकता है।
याद रखिए… स्मार्टफोन हमारी जरूरत है, लेकिन जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल हमारी सेहत पर भारी पड़ सकता है।