
बरेली। मंगलवार सुबह थाना इज्जतनगर क्षेत्र के IVRI रोड पर लापरवाही का एक ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जिसने हजारों लोगों की सुबह की रफ्तार थाम दी। बरेली शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इस सड़क पर बजरी से भरे एक डम्पर को बीच सड़क खड़ा कर सड़क किनारे निर्माण सामग्री उतारी जा रही थी। इससे मुख्य मार्ग संकरा हो गया और लंबा जाम लग गया।
यह मार्ग इज्जतनगर रेलवे स्टेशन से होकर उत्तराखंड, मुरादाबाद और दिल्ली की ओर जाने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां दिन-रात भारी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन रहता है। सुबह के व्यस्त समय में सड़क पर डम्पर खड़ा होने के कारण कई स्कूलों, जिनमें अल्मा मेटर, बीबीएल, केंद्रीय विद्यालय, सेक्रेड हार्ट्स सहित अन्य शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं, अभिभावक और शिक्षक समय पर स्कूल नहीं पहुंच सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि डम्पर को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर सामग्री उतारी जाती, तो यातायात बाधित नहीं होता और आम जनता को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। लोगों ने इसे जनहित की अनदेखी बताते हुए जिम्मेदारों की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
हैरानी की बात यह रही कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर थाना इज्जतनगर होने के बावजूद यातायात सुचारु कराने या संबंधित वाहन के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई होती नजर नहीं आई। इसको लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। रिपोर्ट – अजय सक्सेना मानव अधिकार सचिव