बैरिकेडिंग से लेकर QRT तक , कांवड़ यात्रा के लिए एडीजी रमित शर्मा के दिशा निर्देशन में फुलप्रूफ ब्लूप्रिंट तैयार

बरेली, बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक, बरेली जोन रमित शर्मा ने मंगलवार को कछला घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इसके बाद पुलिस लाइन सभागार में बदायूं, बरेली, शाहजहांपुर और संभल के अधिकारियों के साथ अंतर्जनपदीय समन्वय बैठक कर सुरक्षा, यातायात और आपदा प्रबंधन को लेकर विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ADG ने गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग, सुरक्षा रस्सियां, रेड फ्लैग, चेतावनी बोर्ड, वॉच टावर, सीसीटीवी कैमरे, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, प्रकाश व्यवस्था, मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस, फायर सर्विस और रेस्क्यू संसाधनों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने गोताखोरों, जल पुलिस, लाइफ जैकेट और रबर ट्यूब सहित सभी जीवनरक्षक उपकरणों को हर समय पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए।


समीक्षा बैठक में कांवड़ मार्ग पर सेक्टरवार ड्यूटी व्यवस्था, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त महिला पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक डायवर्जन योजना के प्रभावी संचालन और पार्किंग व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए। साथ ही सभी डायवर्जन मार्गों पर स्पष्ट संकेतक बोर्ड लगाने और आमजन को पहले से वैकल्पिक मार्गों की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
ADG ने बदायूं, बरेली, शाहजहांपुर, संभल और कासगंज पुलिस के बीच मजबूत अंतर्जनपदीय समन्वय, संयुक्त पेट्रोलिंग, सूचना आदान-प्रदान, सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त चेकपोस्ट और कंट्रोल रूम के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर अतिरिक्त सतर्कता, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर पुलिसकर्मियों की पूर्व ब्रीफिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ पुलिस का व्यवहार पूरी तरह संवेदनशील, सहयोगात्मक और विनम्र होना चाहिए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए QRT, रिजर्व पुलिस बल और सभी आपातकालीन संसाधन 24×7 अलर्ट मोड पर रहें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं, पुलिस अधीक्षक संभल, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) बरेली, शाहजहांपुर, बदायूं, बरेली एवं संभल के वरिष्ठ अधिकारी, क्षेत्राधिकारी तथा सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks