
बरेली। श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बरेली पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक दक्षिणी एवं एडीएम प्रशासन ने थाना फरीदपुर और थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के कांवड़ यात्रा मार्गों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यात्रा मार्गों पर बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और अन्य आवश्यक इंतजामों की समीक्षा की। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करें, किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस दौरान एसडीएम बरेली, क्षेत्राधिकारी फरीदपुर, थाना प्रभारी फरीदपुर, थाना प्रभारी फतेहगंज पूर्वी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
बरेली पुलिस एवं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा संपन्न कर सकें।