
बरेली। अगर आपका कोई मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है, तो अब उसे आपसी सहमति से सुलझाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। भारत के सर्वोच्च न्यायालय की पहल पर ‘समाधान समारोह-2026’ के तहत 21, 22 और 23 अगस्त को नई दिल्ली स्थित सुप्रीम कोर्ट परिसर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य वर्षों से लंबित मामलों का त्वरित, सरल और सौहार्दपूर्ण निस्तारण कर लोगों को शीघ्र न्याय दिलाना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बरेली की सचिव जया प्रियदर्शिनी ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट से प्राप्त सूची के आधार पर बरेली जनपद के 37 लंबित मामलों को इस विशेष लोक अदालत के लिए चिन्हित किया गया है। संबंधित पक्षकारों को नोटिस भेजे जा रहे हैं, ताकि वे निर्धारित तिथियों पर उपस्थित होकर आपसी सहमति से अपने विवाद का समाधान करा सकें।
बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य न्यायालयों पर लंबित मामलों का बोझ कम करना और पक्षकारों को बिना लंबी कानूनी प्रक्रिया के त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराना है।

यदि किसी व्यक्ति का मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है और वह इस योजना के दायरे में आता है, तो वह समझौते के आधार पर निस्तारण के लिए ऑनलाइन आवेदन भी कर सकता है। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “Samadhan Samaroh 2026” या लोक अदालत से संबंधित लिंक के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।