सीएम योगी विकास और कानून व्यवस्था पर सख्त नजर, बोले- जनसमस्याओं का निस्तारण एवं योजनाओं की गुणवत्ता से न हो समझौता

बरेली, 30 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में बरेली जनपद के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण, कानून व्यवस्था मजबूत रखने और विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपद की विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सीएम डैशबोर्ड पर बरेली लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने जनसुनवाई व्यवस्था, लीलौर झील के विकास, नाथ कॉरिडोर, स्मार्ट सिटी परियोजना, मेगा फूड पार्क सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आईजीआरएस और जनसुनवाई के माध्यम से आने वाली शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व वादों के लंबित रहने से कानून व्यवस्था प्रभावित होती है, इसलिए पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।


कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने त्योहारों और कांवड़ यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। विद्युत चोरी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन और विद्युत विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कार्रवाई करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने गौशालाओं में बेहतर व्यवस्थाएं रखने के साथ जनपद में मॉडल गौशालाएं विकसित करने के निर्देश दिए, जहां कम्पोस्ट खाद, बायोगैस उत्पादन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा सके।
स्वास्थ्य, शिक्षा, जल जीवन मिशन, पीएम सूर्य घर योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और परियोजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा प्रत्येक बड़े प्रोजेक्ट की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं, जिससे समय पर और बेहतर परिणाम मिल सकें।
बैठक में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर सहित जनप्रतिनिधि एवं जनपद के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks