
बरेली। थाना सुभाषनगर पुलिस ने मोबाइल छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए शातिर बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल, घटना में प्रयुक्त बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 12 जून को बीडीए गेट के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने फोन पर बात कर रहे युवक से मोबाइल छीन लिया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना सुभाषनगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम घटना के खुलासे में जुटी थी।

16 जून की रात थाना सुभाषनगर पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक सवार दो बदमाश किसी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस ने बरेली-बदायूं रोड स्थित कामाख्या देवी मंदिर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर गया, जबकि उसका साथी बाइक छोड़कर फरार हो गया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान समीर पुत्र नसीम जावेद, निवासी जगतपुर, थाना बारादरी, बरेली के रूप में हुई। उसके पास से तमंचा, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस, छीना गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई।
पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार समीर के खिलाफ बरेली के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी और अन्य अपराधों से जुड़े चार मुकदमे दर्ज हैं।