
बरेली। बरेली वासियों के लिए बड़ी राहत की खबर… लंबे इंतजार के बाद चौपला पुल को 17 जून से आम जनता के लिए खोलने की तैयारी तेज हो गई है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर साफ निर्देश दिए हैं कि अगले 10 दिनों में मरम्मत कार्य हर हाल में पूरा किया जाए।
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को फटकार के साथ सख्त निर्देश दिए कि पुल के सभी ज्वाइंट्स की मरम्मत तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि चौपला पुल शहर की लाइफलाइन है और इसकी गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अधिकारियों ने डीएम को बताया कि मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी है और अगले 10 दिनों में काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 17 जून 2026 से चौपला पुल पर फिर से वाहनों और राहगीरों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।
फिलहाल बरेली की जनता की निगाहें अब चौपला पुल पर टिकी हैं। अगर काम तय समय पर पूरा हुआ तो 17 जून से शहर को जाम और लंबे रूटों की परेशानी से बड़ी राहत मिल जाएगी।