बाइक छूने पर विवाद, दो भाइयों को पीटा: पुलिस ने तीन आरोपियों को लिया हिरासत में घायलों का कराया मेडिकल

बरेली । इज्जतनगर थाना क्षेत्र के कुम्हरा मोड़ पर गुरुवार को दोपहर बाइक में बंधा सिलेंडर छू जाने के मामूली विवाद ने तूल पकड़ लिया। दूसरे समुदाय के लोगों ने एक युवक और बीच-बचाव करने आए उसके भाई को बंधक बनाने का प्रयास करते हुए बेरहमी से पीट दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सूझबूझ से मामला शांत कराया और तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
माफी मांगने पर भी नहीं माने आरोपी
ग्राम मोहनियां पालू निवासी यादव अपनी भांजी सुधा के साथ गैस एजेंसी से सिलेंडर रीफिल कराकर बाइक से गांव लौट रहे थे। दोपहर में जैसे ही वह कुम्हरा मोड़ के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति की बाइक से सिलेंडर टच हो गया। इससे दूसरी बाइक पर बैठी महिला को हल्की चोट लग गई। पीड़ित पालू ने अपनी गलती न होने पर भी मानवता के नाते तुरंत माफी मांग ली, लेकिन आरोपी युवक आक्रोशित हो गया और उसने पालू को थप्पड़ जड़ दिए।
भाई को बुलाने पर जुटी भीड़, किया हमला
पीड़ित ने घटना की जानकारी फोन से अपने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पालू का भाई सुशील मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि इसी बीच आरोपी ने भी फोन कर दूसरे समुदाय के दर्जनों लोगों को वहां बुला लिया। लाठी-डंडों से लैस होकर आई भीड़ ने दोनों भाइयों को घेर लिया और बेरहमी से पीटते हुए उन्हें पास की झमाड़ी में खींचकर ले जाने का प्रयास करने लगे। सड़क पर सरेआम हो रही गुंडागर्दी को देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
तीन आरोपी हिरासत में, तलाश जारी
सूचना मिलते ही अहलादपुर चौकी प्रभारी विकास यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों भाइयों को उपद्रवियों के चंगुल से छुड़ाया और मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों घायल भाइयों को इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
चौकी प्रभारी विकास यादव ने बताया कि तीन आरोपियों को मौके से हिरासत में लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks