
बरेली । पुलिस लाइन स्थित रविन्द्रालय में आज रविवार को डिजिटल युग की सबसे चर्चित और प्रभावशाली पहल “Connect Bareilly Zone Influencers Meet UP-2026” का भव्य आयोजन किया गया। “Influencers Community of Bareilly Zone” के अनुरोध पर आयोजित इस सम्मेलन में बरेली ज़ोन के नौ जनपदों से आए 100 से अधिक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और डिजिटल वॉलंटियर्स ने सहभागिता कर डिजिटल जिम्मेदारी, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, फेक न्यूज़, डिजिटल अरेस्ट, यातायात नियमों और उत्तरदायी डिजिटल नागरिकता जैसे अहम विषयों पर खुलकर चर्चा की।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देना तथा पुलिस एवं डिजिटल समुदाय के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करना रहा। सम्मेलन में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि आज सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि जनमत निर्माण और सामाजिक जागरूकता का सबसे शक्तिशाली माध्यम बन चुका है। ऐसे में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय लोगों की जिम्मेदारियाँ भी कई गुना बढ़ गई हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक बरेली ज़ोन रमित शर्मा ने डिजिटल वॉलंटियर्स कार्यक्रम की उपयोगिता बताते हुए कहा कि यह पहल पुलिस और डिजिटल समाज के बीच विश्वास और सहयोग का मजबूत सेतु बनी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स युवाओं के बीच गहरा प्रभाव रखते हैं और यदि उनकी ऊर्जा सही दिशा में प्रयुक्त हो तो समाज में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन संभव है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्या ने फेक न्यूज़ और भ्रामक सूचनाओं के खतरे पर चिंता जताते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
सम्मेलन में साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन फ्रॉड, आईटी एक्ट, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और नए आपराधिक कानूनों पर विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा प्रेजेंटेशन दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक पीलीभीत विक्रम दहिया ने साइबर सुरक्षा और साइबर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली समझाई, जबकि संभल के अपर पुलिस अधीक्षक मनोज रावत ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का महत्व बताया।
सहायक पुलिस अधीक्षक डॉ नताशा गोयल ने डिजिटल कंटेंट निर्माण से जुड़े कानूनी पहलुओं और आईटी एक्ट की जानकारी दी। वहीं ASP सोनाली मिश्रा ने महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति, एंटी रोमियो स्क्वॉड और वुमन पावर हेल्पलाइन 1090 के बारे में विस्तार से जानकारी देकर जिम्मेदार डिजिटल कंटेंट निर्माण के लिए प्रेरित किया।
सहायक पुलिस अधीक्षक शिवम आशुतोष ने कहा कि ऐसा कोई भी डिजिटल कंटेंट जो सामाजिक सौहार्द बिगाड़े या किसी वर्ग की भावनाओं को आहत करे, कानूनन आपत्तिजनक हो सकता है। उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संवेदनशीलता और तथ्यपरकता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
“Influencers Community of Bareilly Zone” के अध्यक्ष यश गुप्ता ने इस आयोजन को डिजिटल समाज और पुलिस के बीच ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह मंच युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स को समाजहित में अधिक जिम्मेदार भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा। वहीं सचिव अज़हर ने इसे दीर्घकालिक सहयोग और रचनात्मक संवाद की मजबूत शुरुआत बताया।
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर वरुण वशिष्ठ द्वारा किया गया। सम्मेलन में बरेली ज़ोन के विभिन्न जनपदों से आए डिजिटल क्रिएटर्स और पुलिस अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।