
बरेली । नवाबगंज क्षेत्र में एक कबाड़ी की करतूत ने किसान को मुश्किल में डाल दिया। आरोप है कि कबाड़ी ने किसान को चोरी की हैरो बेच दी। जब किसान को इस बात की जानकारी हुई और उसने अपने पैसे वापस मांगते हुए हैरो लौटाने की बात कही, तो कबाड़ी उल्टा गाली-गलौज पर उतर आया और जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित किसान ने अब पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के दलेल नगर गांव का है। गांव निवासी नत्थूलाल का आरोप है कि करीब एक माह पहले उन्होंने बरखन गांव स्थित एक कबाड़ की दुकान से 43 हजार 500 रुपये में हैरो खरीदी थी। कुछ दिन बाद उन्हें पता चला कि जो हैरो उन्हें बेची गई, वह चोरी की निकली।
इसके बाद किसान कबाड़ी के पास पहुंचा और हैरो वापस लेकर रकम लौटाने की बात कही, लेकिन आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। आरोप है कि बाद में उसने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी भी दे डाली।
पीड़ित किसान ने पूरे मामले की तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस कबाड़ी के खिलाफ क्या कदम उठाती है।