
बरेली। जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना ग्राम खमरिया आजमपुर की है, जहां जमीन विवाद के चलते बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 22 अक्टूबर 2025 को इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर 17 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी कुलदीप (उम्र 34 वर्ष) को मीरगंज स्थित डाकखाना चौराहे के पास से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता बाबू सिंह का व्यवहार ठीक नहीं था और वे बिना बताए कई दिनों तक घर से बाहर रहते थे। जमीन बेचने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। दीपावली से पहले पिता के कई दिनों तक घर न लौटने पर जब वह उन्हें खोजते हुए गन्ने के खेत में पहुंचा, तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
गुस्से में आकर आरोपी ने अपने पिता के हाथ बांधकर गला दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसने शव को पेड़ से लटकाने की कोशिश की, लेकिन जल्दबाजी में वह पूरी तरह सफल नहीं हो पाया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
निरीक्षक अपराध संजय तोमर, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, उपनिरीक्षक महेश कुमार सहित पुलिस टीम ने इस मामले का खुलासा किया।