सरसावा खबर…

धूप से जूझ रहे पुलिसकर्मियों को मिले छाते..
सरसावा थाना प्रभारी ने बढ़ाया मनोबल
कांवड़ यात्रा में सतर्कता के साथ मानवीय पहल
सरसावा (सहारनपुर): कांवड़ यात्रा के दौरान जहां उत्तर प्रदेश पुलिस सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में पूरी मुस्तैदी से जुटी है, वहीं अब उनके स्वास्थ्य और सुविधा का भी ध्यान रखा जा रहा है। सरसावा थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार शर्मा ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को तेज धूप से बचाव के लिए छाते वितरित किए। थाना प्रभारी ने क्षेत्र में भ्रमण के दौरान हाईवे और प्रमुख चौराहों पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को न केवल छाते सौंपे, बल्कि उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा प्रदेश की आस्था से जुड़ा एक महत्वपूर्ण आयोजन है, और इसमें तैनात हर पुलिसकर्मी को अपनी ड्यूटी को कर्तव्य मानकर पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए।
निरीक्षक नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि हाईवे पर कांवड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रैफिक को नियंत्रित किया जा रहा है। दोनों ओर के वाहनों को रोककर श्रद्धालुओं को सुरक्षित क्रॉसिंग कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर जगह-जगह दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए हैं और पुलिसकर्मी स्वयं भी मार्गदर्शन कर रहे हैं, ताकि कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। यातायात ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों ने भी भरोसा दिलाया कि वे पूरी संयमता, शालीनता और सेवाभाव के साथ कार्य करेंगे, ताकि यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सहज मार्ग मिल सके।