दवाओ का टोटा,मेडिकल स्टोर से दवा लाकर उपचार के चलते तीमारदार हुए परेशान, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा, । मौसम में उतार-चढ़ाव का असर जनमानस पर दिखाई दे रहा है। बीते 24 घंटे में छह बुखार रोगी उपचार लेने के लिए मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचे। वहां मरीजों के तीमारदारों को दवाओं की कमी से जूझना पड़ा। बाहर के मेडिकल स्टोर से दवा लाकर उपचार कराना पड़ा।
शनिवार व रविवार को मेडिकल कालेज इमरजेंसी में बुखार रोगी नयागांव के 36 वर्षीय रिषीकांत, बढनपुर के 30 वर्षीय दयानंद, घिलौआ की शिखा, शिकोहाबाद रोड निवासी 10 वर्षीय वेदांत, नीरज देवी, फिरोजाबाद जनपद के गांव भरा निवासी 35 वर्षीय मीना देवी उपचार लेने पहुंचे। इमरजेंसी में पहुंचने पर इन मरीजों के साथ आये तीमारदार दवा न होने से परेशान देखे गए।
इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक व स्टाफ ने तीमारदारों को बाहर से दवा लाने के लिए पर्ची थमा दी। तीमारदारों ने बाहर से गोली व इंजेक्शन लाकर दिए। उसके बाद मरीजों को उपचार मिल सका।
मौसम बदलाव से वायरल फीवर के रोगी पुन बढ़ने लगे हैं। शनिवार को भी मेडिकल कालेज ओपीडी में वायरल फीवर के 100 से 150 रोगी पहुंचे। इसके अलावा रविवार को ब्लॉक स्तर पर 36 स्थानों पर लगे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में फीवर के 123 रोगी पहुंचे। इनको परीक्षण के बाद उपचार दिया गया।
सीएम जनआरोग्य मेले में बढ़े बुखार, खुजली के मरीज
एटा। जिले में 36 स्थानों पर हुए मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला में बुखार, पेट दर्द, खुजली के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सीएचसी, पीएचसी, हेल्थ वेलनेस सेंटर पहुंचे मरीजों को चिकित्सकों ने परीक्षण किया। सीएमओ डा. उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि रविवार को मेले में 1846 लोग पहुंचे। इनमें 769 पुरुष, 709 महिला और 368 बच्चे शामिल हैं। मेला में 72 आयुष्मान कार्ड, 748 ने आरटीपीसीआर-305 ने एंटीजन किट से कोरोना जांच कराई। हेपेटाइटिस बी के 19, नेत्ररोग के 39, 123 बुखार, मलेरिया 27, डेंगू की 5 जांच हुई।