
बरेली में आठ लाख लूटने के बाद हत्या, पुलिस चौकी के पीछे लटकाया शव
बरेली – बरेली के मीरगंज में आठ लाख रुपये लेकर घर से निकले युवक का शव रविवार शाम अनुबिस पुलिस चौकी के ऐन पीछे शीशम के पेड़ से लटका मिला। दोनों हाथ पीछे बंधे होने की वजह से माना जा रहा है कि उसके पास मौजूद रकम लूटने के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
मीरगंज के गांव ठिरिया खुर्द में रहने वाले 45 वर्षीय शिशुपाल गंगवार बीसी (बिजनेस कमेटी) चलाते थे। इसके तहत वह कई लोगों से हर महीने रकम लेकर ड्रॉ निकालने के बाद एकमुश्त रकम का भुगतान करते थे। भाई महिपाल के मुताबिक शनिवार रात शिशुपाल के पास आठ लाख रुपये थे। रविवार सुबह करीब नौ बजे वह ड्रॉ के विजेताओं को बीसी की रकम का भुगतान करने की बात कहकर घर से निकले थे। सुबह 11 बजे तक उन्हें हुरहुरी चौराहे पर देखा गया लेकिन दोपहर तक घर नहीं लौटे। परिवार वालों के तलाश करने के बावजूद उनका पता नहीं चला।
दोपहर बाद परिवार के लोगों ने एक लोकवाणी केंद्र पर जाकर जीपीएस के जरिए शिशुपाल की लोकेशन ट्रेस कराई तो उनकी लोकेशन परौरा स्थित बाग में मिली। शाम छह बजे घर वाले वहां पहुंचे तो शिशुपाल का शव शीशम के पेड़ से लटका मिला। दोनों हाथ पीठ के पीछे बंधे हुए थे। सीओ राजकुमार मिश्र के मौके पर पहुंचने के बाद शव पेड़ से उतरवाया गया और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य इकट्ठे कराए। पुलिस के मुताबिक शिशुपाल के परिवार ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।
कहीं और की हत्या, हड़बड़ी में नहीं खोल सके हाथ
शिशुपाल के परिवार के लोग जब अनुबिस पुलिस चौकी के पीछे बाग में पहुंचे तो उनका शव शीशम के पेड़ से लटका पाया। उनके दोनों हाथ पीछे की तरफ रस्सी से बांधे गए थे। पास में ही सड़क पर उनकी बाइक खड़ी थी। घटनास्थल पर मिले हालात से अंदाजा लगाया गया कि उनकी हत्या किसी और जगह करने के बाद उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटकाया दिया गया लेकिन हड़बड़ी में हत्यारे उनके हाथों में बंधी रस्सी नहीं खोल सके।
बाइक पर रखा मिला मोबाइल
परिवार के मुताबिक शिशुपाल के पास आठ लाख रुपये थे। हुरहुरी गांव के नरदेव ने बताया कि सुबह नौ बजे शिशुपाल का उनके पास फोन आया था। शिशुपाल को उन्हें डेढ़ लाख रुपये देने थे। शिशुपाल ने उनसे 12 बजे रुपये देने का वादा किया था, लेकिन वह नहीं आए। तलाशी के दौरान शिशुपाल का मोबाइल बाइक में आगे रखा मिला। पुलिस ने मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई है।
हत्या और आत्महत्या दोनों का अंदेशा है। पुलिस की टीमें दोनों पहलुओं पर जांच कर रही हैं। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं।
- राजकुमार अग्रवाल, एसपी देहात