त्योहार में खटारा बसें भी डिपो को दे गईं एक करोड़ की आय, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा। रक्षाबंधन त्योहार की भीड़ में खटारा रोडवेज बसें भी एटा डिपो को एक करोड़ रुपये की आय दे गईं। भीड़ के आगे डिपो के सारे इंतजाम ध्वस्त थे। लोगों को छतों पर बैठकर भी यात्रा करनी पड़ी थी। यात्रियों को भले ही असुविधा उठानी पड़ी लेकिन निगम मुनाफे में रहा।
सीएम द्वारा महिलाओं को 48 घंटे रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा करने के निर्देश दिए गए। इसके तहत 10 अगस्त रात 12 बजे से 12 अगस्त रात 12 बजे तक जिले में एक करोड़ रुपये से अधिक टिकट मूल्य की मुफ्त यात्रा महिलाओं ने की। हालांकि यात्रियों के आने से लेकर उनके लौटने की जबरदस्त भीड़ 10 से 15 अगस्त तक लगातार बनी रही।
इन छह दिनों में डिपो को जमकर मुनाफा हुआ। 1.01 करोड़ रुपये की आय हुई। सर्वाधिक 27.49 लाख रुपये की आय 15 अगस्त को हुई। गौरतलब है कि इस समय डिपो की 80 बसें मार्ग पर दौड़ रहीं हैं, इनमें से करीब 30 बसें दूरी के हिसाब से अपनी समय सीमा पूरी कर चुकी हैं। खटारा हाल में उन्हें दौड़ाया जा रहा है।