कर्नाटक के स्कूल-कॉलेज में राष्ट्रगान अनिवार्य, 3 स्कूलों में जन-गण-मन नहीं होने की शिकायत के बाद शिक्षा मंत्री का आदेश, महाराष्ट्र में अब हैलो की जगह वंदे मातरम बोला जाएगा

कर्नाटक के स्कूल शिक्षा मंत्री बीसी नागेश ने राज्य के सभी स्कूलों में मॉर्निंग प्रेयर के बाद राष्ट्रगान गाना अनिवार्य कर दिया है. यह आदेश तब जारी किया गया जब बेंगलुरु के तीन स्कूलों में राष्ट्रगान नहीं होने की शिकायत मिली थी. 17 अगस्त का आदेश सभी गवर्नमेंट, सेमी-गवर्नमेंट, निजी स्कूलों और प्री-यूनिवर्सिटी कॉलेजों पर लागू होगा.
सरकारी आदेश लागू होने के बावजूद बेंगलुरु के 3 स्कूलों में राष्ट्रगान नहीं गाया जा रहा था. इसके बाद बेंगलुरु के सार्वजनिक निर्देश विभाग, नॉर्थ और साउथ डिवीजन के उप निदेशकों ने संबंधित स्कूलों का दौरा किया और पुष्टि की कि वहां सुबह की प्रार्थना में राष्ट्रगान नहीं हो रहा था.
बेंगलुरु नॉर्थ के डीडीपीआई लोहिताश्व रेड्डी ने कहा- पिछले हफ्ते उन स्कूलों को नोटिस जारी किए गए थे, जहां छात्र राष्ट्रगान नहीं गा रहे थे. अब उन्होंने आश्वासन दिया है कि अब वहां नियमित रूप से राष्ट्रगान गाया जाएगा.