जेपी नड्डा का रोड शो आज, क्यूआर कोड बताएगा कौन विधायक लाया कितनी भीड़,डिजिटल भीड़ को मापने की तैयारी

हिमाचल : जेपी नड्डा का रोड शो आज, क्यूआर कोड बताएगा कौन विधायक लाया कितनी भीड़,डिजिटल भीड़ को मापने की तैयारी
हिमांचल
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का शुक्रवार सुबह 11:35 बजे नगरोटा बगवां बाजार में रोड शो होगा। उसके बाद यहीं गांधी मैदान में नड्डा दोपहर 12:10 से 1:30 बजे तक जनसभा को संबोधित करेंगे। नड्डा की इस चुनावी जनसभा में भाजपा का कौन विधायक और पूर्व विधायक लोगों की कितनी भीड़ लाता है, इसका रिकॉर्ड रखा जाएगा। विधायक और पूर्व विधायक जिन गाड़ियों में अपने समर्थकों को लाएंगे, उस गाड़ी पर भाजपा ने क्यूआर कोड लगाया है।
जनसभा स्थल में एंट्री के समय भाजपा की टीम इस कोड को स्कैन करेगी। बताया जा रहा है कि भीड़ का रिकॉर्ड विधानसभा चुनाव में टिकट आवंटन का आधार बनेगा। जनसभा में भीड़ जुटाने के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने पहली बार यह नया फार्मूला निकाला है। भाजपा ने इस जनसभा में भीड़ जुटाने के लिए पार्टी के संगठनात्मक जिला पालमपुर और कांगड़ा के आठ विधानसभा क्षेत्रों के अपने विधायकों और पूर्व विधायकों को जिम्मा सौंपा है। इन्हें गांधी मैदान में 25000 लोगों की भीड़ लाने के लिए कहा गया है।

रैली स्थल पर स्कैन होगा कोड : राकेश
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा ने बताया कि गांधी मैदान में संगठनात्मक जिलों पालमपुर और कांगड़ा के आठ विधानसभा क्षेत्रों से 25000 लोगों की भीड़ जुटाई जाएगी। कोई 2000 तो कोई 3000 लोगों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र से लाएगा। गाड़ियों पर क्यूआर कोड होगा, जिसे जनसभा स्थल पर स्कैन किया जाएगा, इससे लोगों की संख्या का पता चलेगा।

भाजपा में जान फूंकेंगे नड्डा
आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की कांगड़ा जिले में जनसभा से एक दिन पहले रोड शो कर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी कार्यकर्ताओं में नई जान फूंकेंगे। वह शक्ति प्रदर्शन भी करेंगे। जेपी नड्डा की जनसभा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री बीएम संतोष, हिमाचल प्रभारी अविनाश राय खन्ना के आने पर अभी तक संशय बना हुआ है। देर रात तक तीनों नेताओं के आने की आधिकारिक सूचना नहीं मिल पाई। हिमाचल के सह प्रभारी संजय टंडन के रैली में आने की आधिकारिक सूचना शाम तक मिल गई। बताया जा रहा है कि रैली में पूर्व मुख्यमंत्रियों शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल के आने पर भी संशय बना हुआ है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, संगठन महामंत्री पवन राणा, तीनों संगठन मंत्री, राज्यसभा इंदु गोस्वामी ने देर रात तक राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभा और रोड शो की तैयारियों का जायजा लिया।

रोड शो के लिए 11:35 बजे पहुंचेंगे नड्डा
जेपी नड्डा नगरोटा बगवां बाजार में रोड शो के लिए 11:35 बजे पहुंचेंगे। रोड शो 12 बजे तक चलेगा। गगल एयरपोर्ट में नड्डा दिल्ली से 11:15 बजे पहुंचेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नगरोटा बगवां के गांधी ग्राउंड में 12:10 से 1:30 बजे तक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह आधे घंटे तक आईपीएच के विश्राम गृह में रहेंगे। सवा दो बजे वह नगरोटा बगवां में अपने रिश्तेदार के पास शादी समारोह में भाग लेने के लिए जाएंगे।

रैली के बाद नड्डा मिलेंगे शांता से, चामुंडा मंदिर भी जाएंगे
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 22 अप्रैल को शाम सवा सात बजे पालमपुर में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार से मिलेंगे। करीब पौना घंटे तक दोनों नेता होटल यामिनी में बैठक करेंगे। शांता कुमार से मिलने के बाद नड्डा रात्रि विश्राम के लिए सर्किट हाउस धर्मशाला में पौने नौ बजे पहुंचेंगे। इससे पहले शाम को साढ़े 6 बजे नड्डा चामुंडा मंदिर में माता के दर्शन करेंगे।

धर्मशाला में भाजपा पदाधिकारियों के साथ करेंगे बैठक
23 अप्रैल को नड्डा सुबह 9:30 से 11 बजे तक सर्किट हाउस में कांगड़ा-चंबा लोकसभा क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। सवा 12 बजे नड्डा कांगड़ा में बज्रेश्वरी माता के दर्शन करेंगे। इसके बाद 12:50 बजे वह गगल एयरपोर्ट दिल्ली जाने के लिए पहुंचेंगे।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks